Skip to main content

यहाँ भ्रष्टाचार ही ईमान

उन दिनों पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, मुख्यमंत्री थे ज्ञानी जैल सिंह। पार्टी इस बात से खफा थी कि पटियाला का एक अमीर समुदाय कांग्रेस को चंदा नहीं दे रहा था। ऊपर से प्रेशर पड़ा, ज्ञानी जैल सिंह ने पटियाला के डीएसपी को टाइट किया। डीएसपी कुछ दिन बाद ही मोटी रकम लेकर पहुंच गया। जैल सिंह ने पूछा-ये कमाल कैसे किया। डीएसपी बोला-उसने एक वैन मंडी में घुमाई, जिसमें परदे लगे थे। पीछे पुलिस की लाउडस्पीकर लगी गाड़ी थी जिसमें रजिस्टर और खाली थैले थे। लाउडस्पीकर से मुनादी हुई कि पुलिस ने छापा मारकर एक मैडम को पकड़ा है, जो पटियाला में सेक्स रैकेट चलाती हैं। अब वैन में बैठी वो मैडम उन सभी लालाओं को पहचानेंगी, जिनके पास वो लड़कियां सप्लाई करती थीं। जिस दुकान के सामने वैन जाती, उसका मालिक घबराकर पैसे देकर अपनी जान छुड़ाता। सभी शिनाख्त परेड से बचना चाहते थे। तो कुछ इस तरह से उस वक्त मोटी रकम वसूली गई। ये किस्सा खुद ज्ञानी जैल सिंह ही सुनाया करते थे, इसे वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता ने अपने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया है। 
19 मार्च 1998 को अटल बिहारी वाजपेयी दिल्ली में शपथ ले रहे थे। तब यूपी में भी बीजेपी की सरकार थी। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने यूपी के एक मंत्री भी पहुंचे थे, जिनके पास कमाऊ महकमा था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने विभाग के सबसे बड़े अफसर से उन्होंने कहा कि उन्हें रात तक 10 लाख रुपये पहुंचाए जाएं। अफसर रीढ़ वाले थे, बोले-कुछ तो ख्याल कीजिए, आज कितना बड़ा दिन है, अटल जी शपथ ले रहे हैं, वे ईमानदारी की मिसाल माने जाते हैं, कम से कम आज के दिन तो ऐसा मत कहिए। मंत्री जी मानने को तैयार नहीं थे। अफसर को ट्रांसफर की धमकी दे डाली, जलील किया। बड़े अफसर ने बाकी अफसरों को बात बताई। सबकी यही राय थी कि मंत्री जी को नाराज करना ठीक नहीं है, अफसरों ने चंदा करके 5 लाख रुपये का इंतजाम किया, मंत्री जी को अर्पित किया। मंत्री जी, थोड़े कुपित हुए, लेकिन मान गए। ये वाकया मुझे उसी विभाग के एक अफसर ने सुनाया था। 
इस बार यूपी में विधानसभा चुनाव के जब नतीजे आए तो करीब-करीब तय हो चुका था कि मनोज सिन्हा मुख्यमंत्री बनेंगे। मेरे एक करीबी हैं, जिनसे मनोज सिन्हा की बहुत निकटता है। एक आईएएस ने उनके चरण पकड़ लिए। बोले-भाई साहब कुछ भी करो, बढ़िया पोस्टिंग करवाओ। शिकायत का मौका नहीं दूंगा। जो कहो, वो करूंगा। एक तो वो अफसर भ्रष्ट थे, भ्रष्टाचार के लिए कुख्यात भी थे। दूसरे मेरे वो करीबी इन सब बातों से कोसों दूर थे, बेजा सिफारिश उनके स्वभाव में नहीं है । मनोज सिन्हा से उनका रिश्ता बरसों पुराना था और निजी भी। अब वो अफसर रोज फोन खड़काने लगा। इसी बीच योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बन गए। योगी आदित्यनाथ की ईमानदारी पर शक नहीं किया जा सकता। इस मामले में उन पर उंगली भी नहीं उठाई जा सकती, लेकिन सिस्टम का खेल देखिए। वो भ्रष्ट आईएएस एक प्रमुख जिले का जिलाधिकारी है। नाम नहीं बताऊंगा, अंदाजा लगाने के लिए आप आजाद हैं। 
लगे हाथ एक किस्सा और। मेरठ में एक डीएम आए। नीली शर्ट और लाल पैंट में भी कई बार दिखे। एक रोज उन्होंने मेरठ के एक मालदार आदमी को बुलवा लिया। बंद कमरे में पूछा-मुझे पता नहीं है कि मेरा क्या हिस्सा होता है, लेकिन 10 लाख रुपये आप भिजवाइए। ऊपर भेजना है, वहां से आदेश आया है। उस वक्त प्रदेश में बीएसपी की सरकार थी। मालदार आदमी वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद एक कद्दावर केंद्रीय मंत्री के यहां से डीएम साहब को फोन आया, खूब डांट पड़ी, डीएम साहब कांपने लगे, माफी मांगने लगे। हां, केंद्र में तब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी। 
कल भ्रष्टाचार को लेकर मैंने एक पोस्ट लिखी थी, जिस पर ढेर सारी प्रतिक्रियाएं आईं। तमाम लोगों ने इशारा किया कि सब कुछ गड़बड़ नहीं है। मैं भी मानता हूं और जानता हूं कि बेईमानी के कीचड़ के बीच ईमानदारी भी सीना ताने खड़ी है। राजनीति में भी तमाम ऐसे लोग रहे हैं, जिनके दामन पर कभी एक छींटा तक नहीं पड़ा।  ऐसे तमाम अफसर हैं और हुए हैं, जिनके ईमान को कोई डिगा नहीं सका।  
अफसर उतने बेईमान नहीं, जितना ये सिस्टम बेईमानी का आदी हो चुका है। ईमानदार अफसरों की अमूमन अच्छी और जिम्मेदारी वाली जगह पोस्टिंग नहीं होती। योगीराज से पहले सुलखान सिंह का नाम कौन जानता था। योगी ने उन्हें प्रदेश का डीजीपी बनाया। तब लोगों ने उनकी ईमानदारी के किस्से सुने। दरअसल सरकार की आम तौर पर ईमानदार अफसरों से ज्यादा पटती नहीं, लेकिन जो अफसर इस सिस्टम को जानते हैं, उन्हें किसी भी सरकार से फर्क नहीं पड़ता। सरकार कोई भी हो, वे मलाई काटते हैं। सख्त सरकार हो तो रेट बढ़ भी जाते हैं। हर सरकार ईमानदारी की बात करती है, दीन-दुखियों की सेवा की बात करती है, जिम्मा अफसरों पर डालती है, लेकिन सिस्टम ऐसा है कि दीन दुखियों से लेकर ऊपर तक पूरी चेन से उगाही चलती है, ऊपर तक पहुंचती है। राजीव गांधी ने कबूल किया था कि केंद्र से चले एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसा ही जनता के कामों तक पहुंचता है। मैं निराश नहीं हूं, मुझे उम्मीद है कि एक रोज पूरा का पूरा रुपया जनता के कामों तक पहुंचेगा। आप भी नाउम्मीद मत होइए, क्योंकि अंधेरा कितना भी घना क्यों न हो, रोशनी की एक किरण भी उसे चीर सकती है।

Vikas Mishra भैया के वॉल से सिस्टम के भ्रष्टाचार की दूसरी किश्त


Vikas Mishra भैया के वॉल से सिस्टम के भ्रष्टाचार की दूसरी किश्त 

Comments

Popular posts from this blog

मुँह नोचवा मिला नहीं चोटी कटवा पैदा हो गया

वही हुआ जिसका मुझे डर था। मेरे लिए भी एक चौंकाने वाली ख़बर थी। हरियाणा के फ़रीदाबाद और रेवाड़ी से ख़बर आइ थी कि कई महिलाओं की चोटी कट गई। कौन काट रहा है, क्यों काट रहा है? इसका जवाब न तो प्रशासन के पास था और न ही रिपोर्टर के पास। ख़बर सनसनीख़ेज़ थी अतः इसे पहले पन्ने पर स्थान देना पड़ा। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा कि पैनिक क्रीएट न हो। ख़बर डीप सिंगल लगाई। दो दिन बाद फिर दिल्ली से ऐसी ही घटना सामने आइ। अगले दिन अख़बारों के पहले पन्ने पर यह घटना टॉप बॉक्स लगी। और फिर वही हुआ जो मैं नहीं चाहता था । मीडिया अफ़वाह फैलाने वालों में शामिल हो गई। राजस्थान से निकला चोटी चोर हरियाणा , दिल्ली होते हुए पूरे उत्तर भारत में फैल गया। चोटी काटने वाली की शक में एक बुज़ुर्ग मारी गईं। U अब ज़रा पंद्रह साल पीछे चलिए। साल 2002-03 में कई राज्यों में ख़ौफ़ का पर्याय रहा मुँहनोचवा आज तक पकड़ा नहीं जा सका, अब चोटी कटवा पैदा हो गया। १५ साल पहले मुँह नोचवा का ख़ौफ़ इस तरह था कि गाँव में शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक ( हालाँकि ये सब पत्रकारों की नज़र में था) जाते थे। लोग छतों पर सोना छोड़ दिए। लेकिन हम लोग...

बाबाओं के देश में

आसाराम बापू, रामपाल, चंद्रा स्वामी, बाल ब्रह्मचारी जैसे लोगों के इस देश में बाबा राम रहीम को भी आख़िरकर सज़ा मिल ही गई। अब बीस साल तक बाबा जेल में ही रहेंगे। जुर्म भी शर्मनाक। अपने पद और प्रतिष्ठा की आड़ में ये बाबा अपराधी बन गए। धन्य हो भारत की न्यायप्रणाली कि ख़ुद को भगवान बताने वाले इन लंठों को सलाखों के पीछे पहुँचाया । लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि इन बाबाओं के ग्लैमर से प्रभावित अनपढ़ ही नहीं सरकारें भी हैं । अब ज़रा अपने प्राचीन और मध्यकाल को याद कर लीजिए । बाबा तुलसीदास , बाबा कबीर , बाबा दादूदयाल बड़े संत थे जीवन भर कौडी कौडी को मुहताज रहे ।दादू को जयपुर राजघराना बहुत मानता था मगर उन्होंने राजपुत्रों और धन को  ठेंगें पर रखा। कुम्भनदास ने अकबर को ठेंगा दिखा दिया । तुलसी भीख माँग कर खा लेते थे । रविदास मोची का कामकर कमाते खाते रहे । संत वही है जो कामिनी को बेटी समझे वेश्या नहीं। कीर्ति से दूर रहे और कंचन को लात मार दी । जायसी तो शेरशाह सूरी को औकात बता दी थी । "मोहिं का हँससि की हँससि कोहरहि" । 1919 -20 के आसपास बाबा रामचंद्र  भी संत  थे किसानों को एकत्र किया औ...

रक्षाबंधन और बेशर्मी की हाइट

आज रक्षाबंधन है।गाँव में सुबह सुबह ही कानों में राखी के गीतों की स्वर लहरियाँ पहुँचने लगतीं थीं। आज कहीं से भैया मेरे राखी के बंधन को ना भुलाना, मेरे भैया मेरे अनमोल रतन जैसे प्यार के ये बोल सुनाई नहीं दिए। बड़े उत्साह से टीवी ऑन किया। २४ घंटे मनोरंजन कराने का दावा करने वाले म्यूज़िक चैनलों पर ये चल रहा था .. ज़ूम: मैं बनी तेरी राधा  ज़िंग:मैं परेशां, परेशां  Zeeetc : सारी नाइट बेशर्मी की हाइट  Mtv: मेरे रस्के कमर  म्यूज़िक इंडिया : न मैं जीता न मर्दा रिमोट पर ऊँगली तेज़ी से चल रही थी और इसी के साथ ग़ुस्सा बढ़ता जा रहा था। डिश टीवी पर म्यूज़िक के कई चैनल पर किसी पर भी रक्षाबंधन का एक भी गीत नहीं। बहुत निराश हुआ मैं।अगर सबकुछ टीआरपी से ही तय होता है इन चैनल वालों को कौन समझाए की आज राखी के गीत ही सुने और गुनगुनाये जाएँगे। बाबा drigrajanand